टैंट हाउस में कार्य कर रहे दो नेपालियों के साथ मारपीट करने, 820 रुपए और मोबाइल छीनने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने धारा 392, 411, 25/4 आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने एक आरोपी से खुखुरी भी बरामद की है।
एडम्स मैदान में टैंट हाउस के काम में दो नेपाली मजदूर लगे थे। शनिवार सायं सुब्हान खान (21) निवासी नियाजगंज, नीरज सिंह चौहान (21) निवासी आवास विकास कालोनी चीनाखान और शहनवाज मंसूरी निवासी नहटौर जिला बिजनौर (उप्र) ने दो नेपाली मजदूरों के साथ मारपीट कर दी। सरस्वती टेंट हाउस के स्वामी पूरन अधिकारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि बीच बचाव के लिए उनका पुत्र मौके पर गया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोपी नेपाली मजदूरों से मोबाइल फोन और 820 रुपए भी छीन ले गए।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के आते ही सुब्हान खान खुखुरी लहराते हुए भाग निकला, जबकि पुलिस ने नीरज और शहवाज को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 392, 411 और 25/4 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि तीसरे आरोपी सुब्हान खान को रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।