नंबर बदलकर बरेली में दौड़ाई जा रही थी मैक्स
- फोटो : अमर उजाला
चार माह पहले शहर से चोरी हुई मैक्स टैक्सी जीप को बरामद करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। बरामद जीप को नंबर बदलकर बरेली जिले में चलाया जा रहा था। जीप को उसका चालक पुलिस चेकिंग के भय से लावारिस हाल छोड़ गया था।
चार माह पहले 9 जनवरी की रात चोरों ने न्यू टैक्सी स्टैंड पर खड़ी मैक्स जीप (यूके 03/4875) चुरा ली थी। तब जीप स्वामी श्याम सुंदर शर्मा ने कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दस अप्रैल को बरेली पुलिस की चेकिंग के दौरान यह जीप बरेली जिले के बिथरी मैनपुर से बरामद हुई है, जो लावारिस हालत में खड़ी थी। जीप की नंबर प्लेट में हाथ से नंबर लिखा होने पर पुलिस को शक हुआ तो नंबर प्लेट खरोंची गई, जिससे जीप का वास्तविक नंबर पता चल गया।
सूचना पर स्थानीय पुलिस के उप निरीक्षक दीवान सिंह जलाल और कांस्टेबल बिहारी लाल उक्त जीप को बरेली पुलिस से अपने कब्जे में लेकर यहां ले आए। कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि उक्त जीप बरेली में (यूपी 25 टी/4875) नंबर से चलाई जा रही थी। क्षेत्र में यह पहली घटना है जिसमें पुलिस चोरी का वाहन बरामद करने में सफल रही है।