कर्नाटक के धारवाड़ जिले में एक कंपनी में हुई लूट के बाद वहां की पुलिस नेपाली नागरिक ट्रक चालक की तलाश में बनबसा पहुंची है। आरसीआई लौगिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के ट्रक में आईटीसी कंपनी की तीन करोड़ की सिगरेट थीं, जो गायब हैं। हालांकि कर्नाटक पुलिस ने खाली ट्रक को बरामद कर लिया है।
कर्नाटक के धारवाड़ जिले के थाना हुगली ग्रामीण के एसआई आनंद डैनी ने बताया कि कुछ दिन पहले आरसीएल लौजिस्टिक ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक ट्रक में आईटीसी कंपनी की तीन करोड़ रुपये की सिगरेट थी। ट्रक को मार्ग में लूट लिया गया, जिसके बाद से ट्रक का चालक नेपाल के महेंद्रनगर के ऐरी गांव निवासी कालू सिंह लापता है। उसकी तलाश में कर्नाटक पुलिस बनबसा पहुंची है।
उनके साथ ट्रांसपोर्ट कंपनी के लायजनिंग अफसर एनएन कौशिक भी हैं। पुलिस नेपाली ट्रक चालक को वादी बता रही है। ट्रक मिलने के बाद पूछताछ के लिए कर्नाटक पुलिस को चालक की तलाश है। कर्नाटक पुलिस ने बनबसा पुलिस की भी मदद ली है। बनबसा पुलिस ने नेपाल पुलिस को कर्नाटक पुलिस की मदद करने को कहा है।