तीन दिन पहले दो बाइक सवारों की हादसे में दर्दनाक मौत के बाद पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने 28 वाहन चालकों के चालान किए और 3300 रुपयों का जुर्माना वसूला।
यातायात पुलिस उप निरीक्षक ज्योति प्रकाश ने बताया कि दोपहिये वाहन चालकों के लाइसेंस और हेलमेट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लाइसेंस के बगैर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ओवरलोडिंग वाले कुछ दूसरे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। वहीं, परिवहन विभाग रविवार से सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान चलाएगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रश्मि भट्ट ने बताया कि एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर बाइक सवारों को सतर्क किया जाएगा।
बनबसा में भी पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान बाइक चला रहे एक नाबालिग का कोर्ट चालान किया गया। इस एमवी एक्ट का अनुपालन नहीं करने पर 28 वाहन चालकों के चालान किए गए। समायोजन द्वारा 2400 रुपये का शुल्क अर्जित किया। 1 वाहन जब्त किया गया, जबकि 4 वाहनों के कोर्ट के चालान किए गए। उधर, पुलिस ने 81 पुलिस एक्ट में एक व्यक्ति का चालान कर 250 रुपया जुर्माना वसूला। इसके अलावा मार्ग अवरुद्ध करने के जुर्म में आठ ठेलों पर भी कार्रवाई की गई।
पाटी में पुलिस ने अभियान के दौरान 25 वाहनों का चालान कर उनसे 4350 रुपये जुर्माना वसूला। एसओ के अनुसार बिना हेलमेट, डीएल वाहन चलाने, ओवर लोडिंग करने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। पकड़े जाने पर उनके वाहन सीज कर लिए जाएंगे। इस अभियान में गोविंद सिंह, दीपक कापड़ी, जगदीश राम आदि सिपाही भी थे।