हरिद्वार में अर्द्धकुंभ मेले की ड्यूटी में तैनात चंपावत जिले के पुलिस कर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस कर्मी के शव को हरिद्वार से उनके पैतृक गांव पिथौरागढ़ जिले के बाटुला लाया जा रहा है। बुधवार को पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि अर्द्धकुंभ मेले में ड्यूटी में तैनात बहादुर सिंह (56) पुत्र डिकर सिंह ज्याला निवासी पिथौरागढ़ जिले के बाटुला ग्राम (रसैपाटा के नजदीक) बुंगाछीना की मंगलवार तड़के मौत हो गई। बताया गया कि हार्ट फेल होने से पुलिस कर्मी की मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद हरिद्वार से शव को उनके गांव लाया जा रहा है। मृतक पुलिस कर्मी बहादुर सिंह का परिवार पैतृक गांव में रहता है।
परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। 2000 में पुलिस में भर्ती होने से पूर्व बहादुर सिंह फौज में थे। एसपी ने बताया कि पुलिस कर्मी के अंतिम संस्कार में जिले का प्रतिनिधित्व एक पुलिस अधिकारी करेगा। बुधवार को चंपावत पुलिस मृत पुलिस कर्मी के परिजनों को अंतिम संस्कार मद के रूप में 1.10 लाख रुपये देगी।