पाटी (चंपावत)। विकासखंड के निलौटी गांव के बुरूशखोला तोक में सरपंच दुर्गा देवी हत्याकांड का पुलिस 21 दिन बाद भी खुलासा करने में नाकाम साबित हुई है। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए पूरी ताकत झोंकी है। पुलिस द्वारा सैकड़ों लोगों से गहन पूछताछ भी की जा चुकी है। लेकिन पुलिस के हाथ अभी कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं।
मालूम हो कि विगत 15 दिसंबर की रात को घर में मेहमान बनकर आए अज्ञात लोगों ने सरपंच दुर्गा देवी हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद वह घर से जेवरात, नकदी लूट ले गए। घटना के बाद पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर से आई डॉग स्क्वायड की टीम भी हत्यारों तक पहुंचने में सफल नहीं रही। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के दिशा निर्देशन में हत्याकांड के खुलासे के लिए जिले भर की छह टीमें लगातार हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, इसके लिए कई एंगलों से घटना की जांच चल रही है। नवागत सीओ नरेश चंद भी शुक्रवार को घटना स्थल में पहुंच तफ्तीश में जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस दुर्गा देवी के खास रिश्तेदारों समेत कई लोगों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। जो बार बार बयान बदल रहे हैं। पाटी के थानाध्यक्ष दीवान सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के खुलासे को लेकर दिनरात जुटी हुई है। बयानों के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन की जांच की जा रही है।