चंपावत। अमोड़ी क्षेत्र में दो संदिग्ध लोगों के दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। गांव के लोगों ने घंटों तक संदिग्धों की तलाश की, मगर वे हत्थे नहीं आ सके।
पूर्व फौजी रेवाधर भट्ट, मोहन भट्ट सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि रविवार रात करीब आठ बजे कोट अमोड़ी के खेतों में कुछ महिलाओं ने दो अजनबियों को देखा। रात का अंधेरा होने से उनका हुलिया पता नहीं चल सका। महिलाओं के शोर मचाने से ये संदिग्ध गांव से भाग गए। ग्रामीणों ने रात करीब 11 बजे तक संदिग्धों की तलाश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी ग्राम प्रधान ललित को दी।
अलबत्ता गांव के लोगों ने फिलहाल पुलिस को जानकारी नहीं दी। कहा कि सोमवार की रात को फिर से ऐसी वारदात होने पर पुलिस को जानकारी देंगे। इधर चंपावत से लगे जूप क्षेत्र में पूर्ति विभाग के गोदाम के नजदीक भी दो से तीन लोगों ने रात को घंटों शोर-शराबा और उत्पात मचाया। क्षेत्र के नागरिक पवन थ्वाल ने बताया कि इलाके के लोगों के द्वारा शोर मचाने के बाद ये लोग भाग गए।
संदिग्धों के गांव में आने की सूचना की जानकारी नहीं है। अलबत्ता पुलिस को मौका मुआयना कर मामले की जांच के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं।
धीरेंद्र गुंज्याल, पुलिस अधीक्षक, चंपावत।