चंपावत। आबकारी विभाग की ओर से चलाए गए छापेमारी अभियान में घाट के समीप बौतड़ी में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। विभाग की टीम ने बौतड़ी में एक दुकान में छापा मार कर 80 लीटर कच्ची, सात पेटी अंग्रेजी और एक पेटी देशी शराब के साथ एक दुकानदार को हिरासत में लिया है।
आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में बौतड़ी निवासी दुकानदार पुष्कर सिंह की दुकान से अवैध शराब का जखीरा बरामद किया गया। बरामद शराब में एट पीएम, चार्ली अंग्रेजी शराब के अलावा पिकनिक देशी शराब के अलावा खाम की कच्ची शराब बरामद की। उन्होंने बताया कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 60 के तहत चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब और चरस के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। आबकारी विभाग की टीम में जगवती, राजीव कुमार और दीपा आदि शामिल रहे।