लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट में रावलगांव मार्ग में सोमवार सुबह एक अल्टो अनियंत्रित होकर खाई मेें जा गिरी। दुर्घटना में कार चालक घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का कारण कार का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम छुलापे गांव निवासी चंद्रशेखर पंत (38) पुत्र टीकाराम पंत अपनी अल्टो कार संख्या यूके 03 टीए 0665 को सजाकर कार से बाराकोट बाजार से पड़ासों सेरा विवाह कार्यक्रम में बुकिंग के लिए जा रहा था। लेकिन रावलगांव मार्ग में निगाड़ी गाढ़ के समीप कार अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर लोहाघाट से तहसीलदार नीलू चावला और थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल के नेतृत्व में गई रेसक्यू टीम ने घायल को गहरी खाई से बाहर निकाला। घायल को पुलिस के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट लाया गया। एसओ बृजवाल ने बताया कि दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना है। लोहाघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके जोशी ने बताया कि घायल का दाहिना पैर फैक्चर हुआ है। परिजन घायल को बेहतर उपचार के लिए खटीमा ले गए।