टनकपुर (चंपावत)। एक महिला ने अपने पड़ोसी पर डरा-धमका कर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीड़ित महिला ने कहा है कि उनके पड़ोस में रहने वाला उक्त व्यक्ति डरा-धमका कर पिछले डेढ़ साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। लोकलाज के भय से अब तक वह शोषण का शिकार बनती रही, लेकिन आरोपी अब धमका कर उससे रुपये की मांग करने लगा।
परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा नेे बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 384 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इधर, आरोपी के छोटे भाई ने महिला द्वारा भाई पर लगाए आरोपों को झूठा बताया है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है।