चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने नशे में वाहन चला रहे चालक सहित तीन लोगों का चालान किया है। वाहन को सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मंगलवार रात टनकपुर से चंपावत आ रहे थे। धौन के पास विपरीत दिशा से आ रहे बिना नंबर के बोलेरो वाहन को रुकवाया तो चालक सहित दो अन्य युवक नशे में मिले। एसपी ने वाहन को सीज कर कोतवाली भेज दिया।
कोतवाल सलाउद्दीन खान ने बताया कि वाहन चालक मनोज सिंह, त्रिभुवन पटवा और महेंद्र तड़ागी के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185, 179, 177, 207 और 202 के तहत वाहन को सीज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को खुद चलाना पड़ा वाहन
चंपावत। रात में धौन के समीप शराब के नशे में पकड़े गए युवकों को कोतवाली पहुंचाने के लिए पुलिस अधीक्षक को खुद वाहन चलाना पड़ा। पुलिस अधीक्षक ने अपने चालक को बोलेरो कोतवाली पहुंचाने को कहा और स्वयं वाहन चलाकर मुख्यालय पहुंचे।