लोहाघाट (चंपावत)।
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट के चिकित्साधीक्षक के साथ की गई मारपीट और अभद्रता के मामले में आरोपी को पुलिस ने कोलीढेक पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि बुधवार की रात को एक व्यक्ति ने सीएचसी लोहाघाट के चिकित्साधीक्षक डॉ.वीके जोशी के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट और अभद्रता की थी। इस घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को लोहाघाट, चंपावत और टनकपुर राजकीय अस्पताल में डाक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की थी। चिकित्साधीक्षक डॉ.वीके जोशी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने इस मामले में आरोपी कर्णकरायत निवासी पवन सिंह करायत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत सिंह कठैत ने बताया कि इस मामले की जांच दरोगा हरीश प्रसाद को सौंपी गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पवन सिंह को कोलीढेक पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट के चिकित्साधीक्षक डॉ. वीके जोशी ने बताया कि अब शीघ्र ही अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।