टनकपुर (चंपावत)।
एक जागरूक महिला न सिर्फ टैक्सी चालक से अपनी आबरू बचाने में सफल रही, बल्कि उसने अपनी सूझबूझ से टैक्सी चालक को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। खबर लिखे जाने तक उसे जेल भेजने की कार्रवाई चल रही थी।
पीलीभीत अपने घर से चंपावत मायके जाने के लिए एक महिला रविवार दोपहर करीब चार बजे अपने भाई के साथ टनकपुर पहुंची। उसका भाई उसे टैक्सी एवन कार (यूके 03/946) में चंपावत के लिए बैठाकर लौट गया। कार में दो अन्य पुरुष यात्री भी सवार थे। महिला को अकेला देख टैक्सी कार चालक की नीयत खराब हो गई। वह स्टैंड से कार लेकर चंपावत की ओर रवाना हुआ और ककरालीगेट पहुंचने पर उसने पुरुष यात्रियों को यह कहकर कार से उतार दिया कि उसकी कार अन्य यात्रियों ने बुक कर ली है। इसके बाद चालक महिला को कार में बैठाकर अंधेरा होने के इंतजार में इधर-उधर घुमाता रहा। अंत में वह कार लेकर आमबाग गांव की तरफ गया और वहां एकांत जगह पर कार रोककर महिला यात्री से छेड़छाड़ करने लगा।
चालक की बदनियती को भांप महिला यात्री ने पहले तो टैक्सी चालक के हाथ-पैर जोड़े, लेकिन जब उसे कार के पास से कोई व्यक्ति गुजरता हुआ दिखाई दिया तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर मचाते ही चालक टैक्सी छोड़कर फरार हो गया। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर टैक्सी चालक छीनीगोठ निवासी गोपाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 323 एवं 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।