लोहाघाट (चंपावत)। आठ अक्तूबर को मंदिर में पानी भरने गई 11 साल की बालिका से दो युवकों ने जंगल में दुष्कर्म किया। बेटी के आपबीती बताने पर मां ने 9 अक्तूबर की रात मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल भी करवाया गया है।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि बालिका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ 3/4 पॉक्सो अधिनियम, आईपीसी की धारा 376, 323 और 506 के तहत मामला दर्ज किया था। घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान हो गई।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने मंगलवार को आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित कीं। बुधवार को दुष्कर्म के आरोपी अंशुल राय (21) और धीरज राय (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से कई साक्ष्य भी एकत्र करने का दावा किया है। एसओ ने बताया कि दोनों आरोपियों ने दुराचार करना कबूल कर लिया है। महिला सेल की प्रभारी मीनाक्षी नौटियाल को मामले की जांच सौंपी गई है।