पाटी (चंपावत)। पाटी विकासखंड का 32 साल का एक युवक बीते 28 दिनों से लापता है। मूलाकोट गांव का यह युवक 28 दिन पूर्व दिल्ली को निकला था। काफी खोजबीन के बाद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पाटी थाने में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूलाकोट के हयात सिंह का कहना है कि उनका पुत्र भवान सिंह (32) जयपुर की एक बेकरी में काम करता था। वह एक माह की छुटटी में घर आया था। छुट्टी पूरी करने के बाद वह 23 अप्रैल को घर से दिल्ली के लिए निकला था। तबसे उसका कोई अता-पता नहीं हैं। भवान के लापता होने के बाद उसकी 60 वर्षीय मां देवकी देवी व पत्नी कमला काफी परेशान हैं। भवान की तीन साल की बेटी सलौनी और एक वर्ष का पुत्र शिवम है। परिजनों का कहना है कि हर संभावित ठिकाने में खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। थानाध्यक्ष दिवान सिंह का कहना है कि शनिवार देर शाम युवक के पिता की तहरीर पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एएसआई गोपाल सिंह कर रहे हैं। ब्यूरो