बनबसा (चंपावत)। एसएसबी ने दो नेपाली नागरिकों और उनके साथ मिले दो किशोरों को नेपाल पुलिस के सुपुुर्द किया है। यह दोनों नेपाली नागरिक घर से भागे किशोरों को अपने साथ काम कराने उत्तराखंड के जोशीमठ ले जा रहे थे। नेपाली नागरिकों पर नेपाल पुलिस कार्रवाई करेगी, जबकि दोनों किशोर परिजनों के सुपुर्द करने को नेपाली संस्था माइते नेपाल को सौंपे गए हैं।
एसएसबी एफ कंपनी के जवान असिस्टेंट कमांडेंट कलजी सोढ़ा के निर्देश पर चेकपोस्ट पर चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच दो नेपाली नागरिकों को दो किशोरों के साथ संदिग्धावस्था में भारत आता देख एसएसबी के एसआई राजेंद्र प्रसाद, एचसी सुभाष सिंह, एएसआई अरुण कुमार, कांस्टेबल किशन वीर ने रोका। पूछने पर नेपाली नागरिक किशोरों को अपना रिश्तेदार बता रहे थे।
सख्ती से पूछताछ करने पर वह घबरा गए। बच्चों से अलग पूछताछ करने पर उन्होंने घर पर बिना बताए आना बताया। कहा कि रास्ते में उन्हें यह दोनों मिले, जिन्होंने उन्हें अपने साथ काम करने को भारत चलने को कहा। एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट ने बताया कि नेपाल के लेवाशी जिला प्यूठान निवासी केशर राम (40) और पूरन गिरि (60) को दोनों किशोरों के साथ नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। उक्त दोनों किशोर भी नेपाल के प्यूठान जिले के रहने वाले हैं।