चंपावत। क्षेत्र के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) ने निलंबन कार्यवाही की है। फिलहाल शिक्षक जेल में है।
आरोपी शिक्षक नरेश कुमार निवासी ग्राम टिकरी, विकासनगर देहरादून के एक स्कूल में कार्यरत था। उस पर बीते तीन माह से पांचवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और दुराचार करने का आरोप है।
आरोपी के खिलाफ 21 मई को देर रात रीठा साहिब थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 सी, 342, 323 और 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
अब शिक्षा विभाग ने भी आरोपी शिक्षक पर विभागीय कार्यवाही की है। जिला शिक्षाधिकारी सत्यनारायण ने आरोपी शिक्षक के निलंबन के आदेश दिए हैं। आरोपी शिक्षक को पाटी के उप खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में संबद्ध किया गया है। 22 मई को गिरफ्तार किया गया आरोपी शिक्षक इस वक्त लोहाघाट जेल में है।