टनकपुर (चंपावत)। चोरी की नियत से एक घर में घुसे युवक को पड़ोसियों ने दबोच कर पुलिस के सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी
को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी मूलरूप से नेपाल का निवासी है। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को विचई निवासी चिंतामणी जोशी के बेटे की पर्यटक आवास गृह में शादी थी।
घर के लोग शादी समारोह में शामिल थे। इस दौरान ज्ञानखेड़ा में किराए के मकान में रहने वाला नेपाली युवक सागर टम्टा शुक्रवार तड़के चिंतामणी के घर में चोरी की नियत से घुसा था कि पड़ोसियों की नजर उस पर पड़ गई। पड़ोसियों ने उसे दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की नियत से घर में घुसने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 380, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।