बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज चौकी पुलिस ने विदेशी सिगरेट की बड़ी खेप पकड़ी है। बरामद सिगरेट और तस्कर को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है। वह नेपाल से शारदा नदी के रास्ते लांबा पुल से होकर बनबसा को आते समय दबोचा गया।
शारदा बैराज चौकी पर एसआई गोविंद सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल तनवीर आलम, जीवन चंद, जाकिर हुसैन सघन चेकिंग अभियान पर थे। इस बीच बैराज चौकी के उत्तरी छोर स्थित एनएचपीसी के लांबा पुल कीओर से एक युवक को संदिग्धावस्था में बैग के साथ पैदल बनबसा की ओर आते देखा गया।
उसे रोककर बैग की तलाशी लेने पर उसमें 250 डिब्बी विदेशी सिगरेट की बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 57500 रुपये बताई गई है। बैराज चौकी प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया युवक मोहिब कुरैशी बनबसा के बेलबंद्धगोठ का रहने वाला है।बताया गया कि इन दिनों नेपाल से सिगरेटों की तस्करी बहुतायत में की जा रही है। शारदा नदी में पानी कम होने के चलते तस्कर नदी मार्ग को मुफीद मान रहे हैं।