लोहाघाट (चंपावत)। साढ़े पांच माह पहले स्कूटी की टक्कर से बुरी तरह घायल हुए बाराकोट के रैघाड़ी सूंगरखाल गांव निवासी बंशीधर राय (60) की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। हादसे के बाद से राय कोमा में थे। उनके परिजन पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में लंबा इलाज कराने के बाद सितंबर में उन्हें घर ले आए थे। अलबत्ता राय को नियमित अंतराल में इलाज के लिए पीलीभीत ले जाया जाता था।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राय ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के घायल बंशीधर राय ने दम तोड़ दिया। देर शाम उनका अंतिम संस्कार स्थानीय काकड़ी घाट शमशान घाट पर किया गया। जहां उनके पुत्र पुष्कर राय ने चिता को मुखाग्नि दी। थानाध्यक्ष मनीष खत्री का कहना है कि इस संबंध में किसी भी व्यक्ति द्वारा थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।