लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट विकासखंड के एक गांव के जंगल में गोली लगने से एक युवक की मौत का मामला प्रकाश में आया है। अभी इस मामले की पुलिस व प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही कोई भी व्यक्ति घटना के बारे में मुंह खोलने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। अलबत्ता राजस्व और रेगुलर पुलिस में इस प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं है।
बताया जा रहा है कि बाराकोट विकासखंड के एक गांव के कुछ लोग बृहस्पतिवार की रात को जंगल में शिकार करने गए हुए थे। इसी दौरान एक युवक को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके में ही मृत्यु हो गई। बताते हैं कि घटना के बाद कानूनी शिकंजे में फंसने की डर से लोगों ने मामले को रफादफा कर दिया। घटना की जानकारी न तो राजस्व पुलिस में दी गई और न ही रेगुलर पुलिस में ही इस प्रकार की घटना दर्ज है। घटना के बाद से क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जता रहे हैं। तहसीलदार नीतू चावला का कहना है कि उन्होंने संबंधित क्षेत्र के पटवारियों से इस मामले में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी घटना की कोई जानकारी नहीं होने की बात कही है।
लोहाघाट के थानेदार भूपेंद्र सिंह बृजवाल का कहना है कि लोहाघाट थाने में इस प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं है। काली कुमाऊं रेंज के वन क्षेत्राधिकारी हेम चंद्र गहतोड़ी ने भी इस प्रकार की घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जाहिर की है। बताते चलें कि पांच माह पूर्व बाराकोट विकासखंड में घाट के पास शिकारियों द्वारा तेंदुए की गोली मारकर हत्या करने का मामला भी सामने आया था। लेकिन पांच माह से अधिक का समय बीतने के बावजूद भी वन विभाग की टीम आरोपियों को पकड़ना तो दूर, उनका सुराग लगाने में भी पूरी तरह से नाकाम साबित रही है।