लोहाघाट (चंपावत)। गश्त के दौरान 17 अक्तूबर को आबकारी विभाग के एक सिपाही पर हमला करने वाला व्यक्ति शनिवार को पुलिस की गिरफ्त में आ गया। वारदात के बाद से हमलावर फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा दबोचने के बाद शनिवार को आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि लोहाघाट के मनीष ढेक पर 17 अक्तूबर को लोहाघाट में गश्त कर रहे आबकारी विभाग के सिपाही राजीव गड़कोटी की पिटाई करने के साथ ही जान से मारने की धमकी का आरोप लगा है।
आरोपी के खिलाफ 18 अक्तूबर को भारतीय दंड संहिता की धारा 332, 353, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अदालत ने भी 26 अक्तूबर को आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर था। अलबत्ता शनिवार को पुलिस ने डाकबंगला रोड से गुजर रहे आरोपी मनीष को दबोच लिया। उसे सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया।