टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग में बस्तिया गांव के समीप एक अनियंत्रित कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक में सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक घायल की हालत नाजुक बताई गई है। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिन्याड़, चल्थी (चंपावत) निवासी हरीश भंडारी (42) पुत्र नेत्र सिंह भंडारी अपने डीडीहाट (पिथौरागढ़) निवासी भांजे संतोष अधिकारी (32) के साथ बाइक संख्या यूके 03/2940 में सिन्याड़ी से टनकपुर की ओर आ रहा था। बस्तिया गांव के समीप पीछे से आई अनियंत्रित कार संख्या यूके 03/9909 ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक घटना स्थल पर कार छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना का पता चलते ही गांव के लोग फौरन घटना स्थल पर पहुंच गए।
घटना स्थल पर सबसे पहले पहुंची बस्तिया की पूर्व ग्राम प्रधान सरोज देवी व शांति देवी के मुताबिक बाइक व बाइक चालक कार के नीचे फंस गए थे, जिन्हें उन्होंने बड़ी मुश्किल निकाल कर संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि घायल मामा-भांजे को गंभीर चोट आई है। सिर में चोट के कारण हरीश की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। इधर पुलिस ने कार व बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।