लोहाघाट (चंपावत)। पिथौरागढ़ से चंपावत जाते वक्त खर्ककार्की निवासी युवक का गाड़ी से गिरा बैग सकुशल मिल गया है। राईकोट के चालक द्वारा ईमानदारी की मिशाल पेश करते हुए युवक के बैग को लोहाघाट में एक दुकानदार को सौंप दिया।
रविवार को पिथौरागढ़ से चंपावत जो रहे खर्ककार्की निवासी मुकेश सक्टा का बैग लोहाघाट-चंपावत के बीच में कहीं गिर गया था। चंपावत पहुंचने पर जब उन्होंने अपना बैग उतारना चाहा तो, बैग न देख उनके होश उड़ गए। बैग में कई महत्वपूर्ण कागजात, कपड़े, नकदी, मिठाई आदि कई सामान था। बैग खोने के बाद मुकेश काफी परेशान था। चंपावत मार्ग में चलने वाले टैक्सी चालक राईकोट कुंवर निवासी मनोहर सिंह कुंवर ने बताया कि उन्हें यह बैग लोहाघाट से करीब तीन किमी दूर देवराड़ी बैंड में सड़क किनारे पड़ा मिला। मनोहर ने बताया कि उन्होंने बैग को उसके असल मालिक तक पहुंचाने के लिए कई लोगों से संपर्क किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। मनोहर ने बताया कि सोमवार को उन्होंने जगदीश भट्ट, नवीन ओली, मनोज जजरिया, गोविंद कुंवर की मौजूदगी में बैग को पिथौरागढ़ रोड़ स्थित हितेश इलेक्ट्रानिक्स के स्वामी हितेश मुरारी को सौंपा। हितेश ने बैग मिलने की सूचना मुकेश सक्टा को फोन पर दी। जहां लोगों ने चालक की ईमानदारी की प्रशंसा की, वहीं बैग के मालिक मुकेश ने बैग लौटाने के लिए उनका आभार जताया।