बनबसा (चंपावत)। दो नेपाली किशोर भटक कर बुधवार को बनबसा पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर उन्हें मानव तस्करी नियंत्रण में लगी सामाजिक संस्था रीड्स के सामुदायिक निगरानी समूह के सदस्यों ने पकड़कर उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र को सौंप दिया। संस्था कर्मी बच्चों के घर का पता लगाकर परिजनों को सौंपेंगे।
संस्था ने बनबसा के साथ ही नेपाल पुलिस को भी अवगत करा दिया है। बनबसा स्ट्रांग फार्म गेट के पास 10 और 12 वर्षीय नेपाली किशोरों को देख निगरानी समूह के सदस्य सुरेश चंद ने संस्था कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र को अवगत कराया। पूछताछ में किशोरों ने अपने घर महेंद्रनगर नेपाल से भारतीय सीमा तक घूमते हुए आने की बात कही।
बताया कि वह शारदा बैराज पार कर बनबसा पहुंचे। पहली बार बनबसा पहुंचने के कारण वह रास्ता भटक गए और स्ट्रांग फार्म के पास पहुंच गए। उनके पास पैसे नहीं होने से वह वाहन से नेपाल जाने में असमर्थ थे। उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र के परियोजना निदेशक जनक चंद ने बताया कि उक्त दोनों किशोरों को उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र प्रभारी नेहा गौंड चंद के सुपुर्द किया गया है।