चंपावत। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती किसकोट गांव में रविवार की रात को संदिग्ध व्यक्ति के रुप में पकड़ा युवक चंपावत के ही कफलांग गांव का निवासी उमेश चंद्र पुत्र प्रेमबल्लभ निकला। बताया जाता है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण यह युवक भटकते भटकते हुए किसकोट गांव पहुंच गया था। जहां ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध समझ कर पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रात्रि में ही उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के कारण युवक ठीक तरह से अपने बारे में जानकारी नहीं दे पाया। कोतवाल सलाउद्दीन खान ने बताया कि सोमवार को संदिग्ध युवक की पहचान कफलांग निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने किसकोट के ग्रामीणों को बुलाकर भी उसकी शिनाख्त कराई। शिनाख्त होने पर उसे सोमवार को उसके परिजनों को सौंप दिया।