टनकपुर ग्रिफ कार्यालय में तैनात रहे कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर एक युवक से करीब 4.5 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में केस दर्ज किया है। पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मामले की जांच उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, छीनीगोठ निवासी शंकर गहतोड़ी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में यहां तैनात ग्रिफ कर्मचारी सौदान सिंह (जो वर्तमान में बीकानेर में तैनात है) ने उसके छोटे भाई को ग्रिफ में नौकरी लगाने का झांसा देकर पहले तीन लाख रुपये लिए। फिर क्लब की नौकरी दिलाने का वादा कर डेढ़ लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह कभी साहब के छुट्टी पर होने की बात कहकर टरकाता रहा, तो कभी बात पक्की होने की बात कहकर दिलासा देता रहा।
इस बीच उसका यहां से स्थानांतरण हो गया, लेकिन उसने नौकरी नहीं लगाई। फोन पर लगातार संपर्क कर दबाव बनाने पर आरोपी ने डेढ़ लाख रुपये तो लौटा दिए, लेकिन तीन लाख रुपये अब भी नहीं लौटाए हैं। रुपये मांगने पर अब वह धमकी दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सौदान सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 504 व 506 के तहत केस दर्ज किया है। कोतवाल धीरेंद्र कुुमार बताया मामले की तफ्तीश उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है।