टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर तड़ागी वारियर्स ने कब्जा जमाया है। उसने फाइनल मैच में बिछुआ स्ट्राइकर्स को 20 रनों से हराया। तड़ागी वारियर्स के शेखर जोशी को मैन ऑफ द मैच और बिछुआ स्ट्राइकर्स के सचिन महर को मैन ऑफ द सीरिज का खिताब दिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीप चंद्र पाठक ने विजेता टीम को ट्राॅफी दी।
स्टेडियम मैदान में हुए फाइनल मैच में तड़ागी वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 139 रन बनाए। अंशुल पांडेय ने सर्वाधिक 36 और दीपक सेठी व केवल ने 33-33 रन बनाए। बिछुआ स्ट्राइकर्स के सचिन और किशन ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में बिछुआ स्ट्राइकर्स निर्धारित ओवरों में 9 विकेट पर 119 रन ही बना पाई। सचिन महर ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। तड़ागी वारियर्स के सचिन महर ने चार खिलाड़ी आउट किए।
मैच के निर्णायक दीपक पचौली और रोहित महर थे। स्कोरर की जिम्मेदारी मनीषा एवं कामिनी ने निभाई। प्रकाश धामी और दीपक पांडेय ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। आयोजक कमेटी के बची सिंह महर, रिपुदमन सिंह तड़ागी, क्रिकेट कोच दीपक सेठी, विकास सिंह, कमल सिंह, जितेंद्र चंद, दीपक पचौली, अंशुल पांडेय ने सहयोगियों का आभार जताया।