उद्घाटन मौके पर मुख्य अतिथि आप नेता मदन महर के साथ खिलाड़ी। विज्ञप्ति
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मां अखिलतारिणी नाइन ए साइड क्रिकेट टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर तड़ागी इलेवन और उचौलीगोठ एबीडी ने टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। मंगलवार को टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला तड़ागी इलेवन, उचौलीगोठ एबीडी के मध्य होगा।
एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित मैदान में आयोजित टूर्नामेंट में सोमवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले क्वार्टर फाइनल में तड़ागी इलेवन और एथलेटिक्स इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। बतौर मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी मदन सिंह महर ने मैच का उद्घाटन किया।
मुकाबले में तड़ागी इलेवन टीम ने 20 रनों से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। दूसरा क्वार्टर फाइनल उचौलीगोठ एबीडी और गैंड़ाखाली के बीच खेला गया। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने मैच का शुभारंभ किया।
इस मुकाबले में उचौलीगोठ ने गैंड़ाखाली को पांच विकेट से हराया। उचौलीगोठ के गेंदबाज कुलदीप ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए। कुलदीप मेन ऑफ द मैच रहे। अमन सिंह, अंशुल पांडेय निर्णायक, प्रियांशु पांडेय स्कोरर थे।
आयोजक अमन ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच तड़ागी इलेवन और उचौलीगोठ एबीडी के मध्य खेला जाएगा। आयोजन में विकास सिंह, कमल सिंह, बच्ची नाथ महर, दीपक सेठी, दीपक सिंह, विशाल सिंह आदि सहयोग दे रहे हैं।