टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की बात है। सरकार ने टनकपुर में नलकूप विभाग के नए डिवीजन को मंजूरी दे दी है। लोहाघाट से लेकर खटीमा तक के सिंचाई नलकूपों का रखरखाव अब टनकपुर डिवीजन के अधीन होगा। यानि कि नलकूपों में आने वाली खराबी के लिए अब क्षेत्र के किसानों को हल्द्वानी डिवीजन में गुहार नहीं लगानी पड़ेगी।
फसलों की सिंचाई के लिए सरकार ने गांव-गांव में सरकारी नलकूप लगाए हैं। अलग राज्य बनने के बाद से नलकूपों का रखरखाव नलकूप डिवीजन हल्द्वानी के अधीन था, इसके चलते नलकूपों में मामूली खराबी आने पर भी किसानों को हल्द्वानी डिवीजन में गुहार लगानी पड़ती थी।
डिवीजन दूर होने के कारण खराबी को ठीक करने में लंबा समय लगता था और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने टनकपुर में नलकूप विभाग का नया डिवीजन सृजित कर दिया है। लोहाघाट से लेकर खटीमा तक के 31 संचालित और एक निर्माणाधीन नलकूप अब टनकपुर डिवीजन के अधीन रहेंगे। फिलहाल इन नलकूपों में दस ऑपरेटर तैनात हैं।