बनबसा/चंपावत। जिला अस्पताल चंपावत में परिवार नियोजन शिविर में 38 महिलाओं के परिवार नियोजन के ऑपरेशन किए गए। इस दौरान हल्द्वानी से आईं गाइनीकोलॉजिस्ट डॉ. प्रभा जोशी ने ऑपरेशन किए।
जिला अस्पताल में आईसीयू के तीन सीएचओ और दो डॉक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए। पीएमएस डॉ. एचएस ऐरी ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ के संक्रमित आने के बाद आईसीयू को सैनिटाइज किया गया है। तीन दिन बाद आईसीयू को संचालित किया जाएगा।
वहीं नेपाल से आने वालों की कोरोना जांच के लिए बनाई गई शारदा बैराज चौकी पर शनिवार को एक स्वास्थ्य विभाग टीम कर्मी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग प्रभारी महिला एसआई कोरोना संक्रमित मिले हैं।
डॉ. दानिश ने बताया कि महिला पुलिस कर्मी, स्वास्थ्य विभाग कर्मी की कोरोना जांच में वे संक्रमित मिले, उन्हें क्वारंटीन किया गया है। उधर नोडल अधिकारी डॉ. मो. उमर ने बताया कि शनिवार को टनकपुर में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला, जिसे होम आइसोलेट किया गया है। डॉक्टरों ने सभी लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।