चंपावत। एक सप्ताह के कोविड कर्फ्यू के पहले दिन मंगलवार को सड़कों पर ज्यादातर वक्त सन्नाटा था। छिटपुट रोडवेज बसों के अलावा मालवाहक वाहनों की ही आवाजाही हुई। दस बजे तक खुली सब्जी की दुकानों में भी ज्यादा भीड़ नहीं थी। सड़कों पर आवाजाही कर रहे लोगों को पूछताछ के बाद ही पुलिस अनुमति दे रही थी। बैंकों में काम भी हुआ और सामाजिक दूरी का पालन भी नजर आया। कलक्ट्रेट खुला था लेकिन लोगों की आमद नहीं होने से खामोशी थी।
काम करने जा रहा था पुलिस ने चालान काट दिया
चंपावत। पेंटिंग के लिए जा रहे एक व्यक्ति का पुलिस ने चालान काट दिया। इस पर नाराज व्यक्ति ने मुआयना करने आई तहसीलदार ज्योति धपवाल से शिकायत की। शिकायतकर्ता अमर गिरि का कहना था कि वह पैदल ही पेंटिंग करने के लिए जा रहा था लेकिन बगैर पूछे पुलिस ने उसका 100 रुपये का चालान काट दिया। उसके पास चालान की रकम जमा करने के लिए रुपये भी नहीं है। इस पर तहसीलदार ने मामले को दिखवाने का आश्वासन दिया।