टनकपुर मुख्य बाजार में सड़क के बीच लगाए ठेलों का चालान काटती पुलिस।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। बगैर अनुमति सुबह से ही बाजार की सड़कों के बीच में ठेला फड़ लगाने को लेकर व्यापारियों और ठेला व्यवसायियों में विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन ठेला व्यवसायियों के चालान कर उनके ठेलों को सड़क से हटा दिया।
प्रशासन और नगर पालिका ने ठेला-फड़ व्यवसायियों के लिए शाम पांच से रात आठ बजे तक मुख्य बाजार में सड़क के बीचों-बीच ठेले लगाने की व्यवस्था लागू की है, लेकिन दीपावली पर्व की नजदीकी के मद्देनजर बुधवार को ठेेला व्यवसायियों ने सुबह से ही अपने ठेले सड़क के बीचोंबीच लगा लिए। जिससे व्यापारी आक्रोशित हो गए। ठेले हटाने को लेकर व्यापारियों और ठेला व्यवसायियों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
व्यापारियों के विरोध पर उप निरीक्षक मोहन भट्ट के नेतृत्व में पुलिस ने मौके में पहुंच कर ठेला व्यवसायियों के चालान काटने शुरू किए तो ठेला व्यवसायियों ने अपने ठेलों को हटा लिया। इस दौरान पुलिस ने तीन ठेला व्यवसायियों के पांच-पांच सौ रुपये के चालान भी काटे हैं। व्यापारियों ने पुलिस से मुख्य बाजार में फोर्स तैनात किए जाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क में ठेले लगाने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऐसे विवाद पैदा होने की संभावना है। ब्यूरो