चंपावत के मंच में नाली निर्माण करता श्रमिक। संवाद
मंच/चंपावत। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंच-तामली सड़क पर पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कर्बस्टोन लगाकर नालियों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सड़क किनारे मिट्टी समतल कर मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है, इससे बारिश के दौरान पानी सड़क पर नहीं बहेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में जलभराव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती थी और आवागमन में दिक्कतें आती थीं। इस बार समय रहते नालियों का निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के ईई एमएस पलड़िया ने बताया कि मंच क्षेत्र में पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कर्बस्टोन लगाकर नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे सड़क पर आने वाली नाली संबंधित दिक्कतों से छुटकारा मिलेगा। बारिश में सड़क पर पानी बहने की समस्या नहीं होगी। संवाद