चंपावत। नगर में खटकना पुल के पास बन रही दोमंजिला पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 3.52 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में कार्यदायी संस्था सीएनडीएस लोहाघाट ने लगभग 50-60 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है।
परियोजना के तहत 14 कारों और 50 बाइकों के लिए पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है। इसके साथ छह दुकानों और अतिरिक्त व्यावसायिक स्पेस का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नगर में बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते राहगीरों, वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही यातायात भी प्रभावित होता है। ऐसे में यह पार्किंग सुविधा तैयार होने के बाद व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में सहायक साबित हो सकती है। निर्माण कार्य जुलाई 2025 में शुरू हुआ था और इसे जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण चंपावत के सहायक अभियंता सौरभ चंद ने बताया कि कार्य को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांप्लेक्स में दुकानों और अन्य सुविधाओं के शुल्क का निर्धारण पार्किंग हैंडओवर होने के बाद डीएम की ओर से गठित समिति करेगी।
जाम से मिलेगी राहत
खटकना पुल के पास बन रही पार्किंग का निर्माण पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। वर्तमान में एनएच पर अक्सर इस मार्ग पर कई बार लंबा जाम लग जाता है। इस मार्ग पर जिला अस्पताल, मॉल भी स्थित है। हर रोज सैकड़ों वाहन संचालित होते हैं लेकिन कई बार जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।