चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को दूसरे दिन भी धौन के समीप चौड़ीकरण कार्य नहीं शुरू हो पाया। प्रशासन की ओर से धौन के समीप किए जाने वाले निर्माण कार्य को लेकर 15 दिन तक यातायात प्रभावित रहने की समय सारणी जारी की थी। निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण यह समय सारणी सोमवार को भी लागू नहीं हो सकी।
बताया जाता है कि धौन के समीप सड़क चौड़ीकरण को लेकर सड़क की तलहटी पर जेसीबी और पोकलैंड मशीन उतारी जानी थी। लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इनको तलहटी पर नहीं उतारा जा सका। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड के ईई एलडी मथेला ने बताया कि राजमार्ग पर मंगलवार तक मशीनें नियत स्थान पर पहुंच जाएंगी । इसके बाद यातायात के लिए तय समय सारणी का पालन किया जाएगा।