चंपावत जीजीआईसी सभागार में प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारी। संवाद
चंपावत। लोकसभा चुनाव में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के तीन दिनी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। अंतिम दिन बुधवार को जीजीआईसी सभागार में प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ संजय कुमार सिंह ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कहा कि चुनाव में लगे सभी कर्मचारी चुनाव को उत्सव मानकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से करें। उन्होंने कहा कि ईवीएम के संबंध में गहनता और बारीकी से समस्त जानकारी प्राप्त कर लें।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रशिक्षण के तृतीय दिवस में सखी बूथ, यूनिक बूथ, दिव्यांग बूथ और युवा बूथ के कर्मचारियों को ईवीएम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन 387 कर्मचारियों में से 383 उपस्थित रहे। अनुपस्थित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मास्टर ट्रेनर डॉ. एमपी जोशी, पीसी उपाध्याय, जीवन कलोनी, नीरज पांडेय आदि मौजूद रहे।
सभी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय में ही रहेंगे
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम नवनीत पांडे कहा है कि चुनाव प्रकिया संपन्न होने तक जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय में ही रहेंगे। कोई भी अधिकारी और कर्मचारी किसी भी साप्ताहिक अथवा अन्य पर्व अवकाश दिवसों में भी बिना पूर्व लिखित अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय छोड़े जाने पर लोक अधिनियम धारा के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद