चंपावत में कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते पूर्णागिरि धाम के पुजारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष किशन तिवारी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने कहा गया है कि प्रमुख धार्मिक स्थल होने के बाद पूर्णागिरि में इंटरनेट सेवा नहीं है, जबकि सेलागाढ़ में बीएसएनएल के मोबाइल टावर में भी आए दिन नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। कहा गया है कि वर्तमान में कोविड-19 के चलते स्कूली बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। कहा गया है कि पूर्व में भी इस समस्या को लेकर शासन प्रशासन से कई बार पत्राचार किया जा चुका है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके चलते पूर्णागिरि और आसपास के लोगों के पास आंदोलन शुरू करने के अलावा कोई चारा नहीं है। ज्ञापन देने वालों में सुरेश चंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर भट्ट, शंकर तिवारी, लालमणी पांडेय, नीलाधर तिवारी, जगदीश पंत, इंद्रदेव पांडेय, मोहन चंद्र आदि ग्रामीण शामिल रहे।
बीएसएनएल ने 23 लाख रुपये का आगणन भेजा
चंपावत। पूर्णागिरि धाम में इंटरनेट नेटवर्क सुविधा के लिए बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक हल्द्वानी की ओर से 23 लाख रुपये का आगणन जिला प्रशासन को भेजा गया है। इसे मंजूरी मिलने के बाद बीटीएस को फाइवर से जोड़ने के लिए रिलायंस जियो से जोड़ा जाएगा। संवाद