चंपावत में प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
- फोटो : अमर उजाला
राज्य सरकार की ओर से नगर निकायों में मनमाने सीमा विस्तार के विरोध में बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों में उतर आए। उन्होंने सरकार के इस निर्णय के विरोध में कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। कहा गया कि नगर निकायों में किए जा रहे सीमा विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि भूमि खुर्द बुर्द होने के साथ ही पंचायतों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। कहा कि पूर्व में किए गए सीमा विस्तार में जिन ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निकायों में शामिल किया गया था, वहां आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि राज्य सरकार की ओर से नगर निकायों के सीमा विस्तार के जन विरोधी निर्णय लेने से पूर्व स्थानीय लोगों और त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति नहीं ली गई है। इस निर्णय के कारण त्रिस्तरीय पंचायतों में जनता का प्रतिनिधित्व घटेगा। जिसका सीधा असर सीधे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर पड़ेगा। प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में यूथ कांग्रेस सचिव सूरज प्रहरी, राजेश जोशी, नगर अध्यक्ष विजय वर्मा, अशोक कार्की, सभासद नरेश जोशी, पूरन सिंह कठायत, सुधीर चंद्र साह, धीरज सिंह, मुरलीधर आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।