कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी से की गई कथित मारपीट के विरोध में अब तक कोई कार्रवाई न होने के विरोध में सात दिसंबर को जिला मुख्यालय में प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
पार्टी नेता लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष भगीरथ भट्ट, जिलाध्यक्ष डा.मोहन राम, तेज सिंह बिष्ट, उत्तम देव आदि लोग रविवार को एसपी डीएस कुंवर से मिले। एसपी ने पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उनका कहना था कि मामले को पुख्ता रूप देने के लिए पुलिस को कुछ और सबूत जुटाने हैं, जिसमें दो-तीन दिन लग सकते हैं। शिष्टमंडल ने अब तक की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं की हुई बैठक में स्थिति की समीक्षा की गई। सभी का कहना था कि यदि पुलिस की कार्रवाई सही रास्ते पर चल रही है, तो ऐसे में आंदोलन करने से पुलिस का ध्यान बंट सकता है।
तय किया गया कि पुलिस कार्रवाई का दो-तीन दिन तक इंतजार करने तक यदि कोई प्रतिफल नहीं निकला तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जेल भरो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा विशेष रूप से यहां आ रहे हैं। सोमवार को उनकी मौजूदगी में होने वाली बैठक में भावी रणनीति तय की जाएगी।