टनकपुर (चंपावत)। साल के अंत में मां पूर्णागिरि धाम को जियो मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने की कवायद तेजी से चल रही है। मंगलवार को कंपनी ने फिर ट्रायल लेकर नेटवर्क कनेक्टिविटी देखी। कंपनी का प्रयास है कि साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को धाम क्षेत्र में संचार सेवा शुरू की जाए। इधर धाम क्षेत्र के मोबाइल नेटवर्क से जुड़ने की खुशी से पुजारी, दुकानदार और आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
उत्तर भारत का सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम भी अब संचार सेवा से अछूता नहीं रह जाएगा। इसके लिए जियो कंपनी ने अपनी संचार सेवा शुरू करने की लगभग पूरी तैयारी कर ली है। नेटवर्क कनेक्टिविटी जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। कंपनी के तकनीशियनों की टीम लगातार कनेक्टिविटी का ट्रायल ले रही है। मंगलवार को भी ट्रायल लेकर कनेक्टिविटी देखी गई। जियो कंपनी के जेसीएम सुमित सिंह ने बताया कि कनेक्टिविटी का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। अभी अधिकारिक रूप से संचार सेवा शुरू नहीं की गई है। कनेक्टिविटी की स्थिति का ट्रायल लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी का प्रयास है कि 31 दिसंबर से संचार सेवा सुचारु रूप से शुरू की जाए।