ौन में ग्रामीणों को मुआवजा राशि बांटते राजस्व विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बारहमासी सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों को मुआवजा बांटे जाने का सिलसिला जारी है। जिले में चल्थी से घाट तक प्रभावित किसानों को मुआवजा बांटे जाने को सात टीम बनाई गई हैं। जो घर घर जाकर लोगों को सहायता राशि मुहैया करा रही हैं।
शनिवार को भी किसानों को मुआवजा बांटा गया। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा बांटने का काम बीते शुक्रवार से शुरू किया गया। शनिवार को भी टीमों ने घर घर जाकर लोगों को सहायता राशि बांटी। उन्होंने बताया कि सभी काश्तकारों को सहायता राशि बांटे जाने तक अभियान जारी रहेगा। पाटी के तहसीलदार डा.ललित मोहन तिवारी के नेतृत्व में धौन और स्वांला में किसानों को मुआवजा बांटा गया। उन्होंने बताया कि धौन में 106 और स्वाला में 108 काश्तकारों को मुआवजा बांटा जाना है।
बीते शुक्रवार को 40 काश्तकारों को 13 लाख रुपये का मुआवजा बांटा गया था। जबकि आज शनिवार को 8 लाख रुपये के 38 चेक का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि अधिकांश काश्तकारों के जिले से बाहर होने से राहत राशि वितरण में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सभी प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा बांट दिया जाएगा। राजस्व उप निरीक्षक शंकर वर्मा, पुष्कर नाथ और छत्तर सिंह बोहरा सहयोग कर रहे हैं।