जमीन का मुआवजा मांगा तो नाता तोड़ा
- फोटो : अमर उजाला
पाटी (चंपावत)। सड़क की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे पुनौली के लोगों की मुराद पूरी होने के साथ ही सड़क निर्माण को लेकर विवाद शुरू हो गया। गांव के शंकर दत्त जोशी ने सड़क निर्माण के दौरान उनकी फसलों एवं पेड़, पौधों को रौंदने का आरोप लगाते हुए क्षति की भरपाई की मांग को लेकर डीएम कार्यालय में धरना शुरू किया है, वहीं सड़क निर्माण में बाधक बनने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एक आम बैठक कर शंकर दत्त का हुक्का-पानी बंद करने का एलान किया है।
ग्रामीणों ने शंकर दत्त पर आरोप लगाया कि अक्सर वह गांव में होने वाले विकास कार्यों में बाधाएं पैदा करता है। बैठक में यह भी बात सामने आई कि सामाजिक कार्य में विघ्न डालने के काम में कुछ स्थानीय शिक्षकों की भूमिका अप्रत्यक्ष रूप से सामने आ रही है।
ग्राम प्रधान प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में डोली से ले जाते समय कई गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों की अकाल मौतें हो गई हैं। बैठक में कृष्णानंद जोशी, कांता प्रसाद, दुर्गादत्त जोशी, रेवाधर जोशी, नवीन जोशी, चूड़ामणि जोशी, तुला राम, मनोरथ जोशी, बसंत बल्लभ, ईश्वरी दत्त, षष्ठी दत्त आदि ने विचार रखे।
चंपावत। पुनौली के गोगिना तोक निवासी ग्रामीण शंकर दत्त जोशी का आमरण अनशन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। शंकर ने पूर्व में स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई जांच पर नाराजगी जताते हुए मंगलवार से जिला कार्यालय में अनशन शुरू कर दिया था। उसका कहना है कि प्रशासन अन्य ग्रामीणों के दबाव में उनकी मांग की अनसुनी कर रहा है।