लोहाघाट नगर को आदर्श नगर बनाने को लेकर आयोजित बैठक में अपने विचार रखते वक्ता।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट को आदर्श नगर बनाने के लिए नगर के जागरूक लोगों की बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार को नगर पंचायत में चेयरमैन गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर के बुद्धिजीवियों, व्यापारियों, जन प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए। लोगों से नगर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने नगर की पेयजल व्यवस्था बेहतर करने, सरकारी भूमि में हो रहे अतिक्रमण रोकने, लोहावती नदी को स्वच्छ रखने, दुर्लभ प्रजाति के देवदार वृक्षों के संरक्षण, रेड़ी और फड़ वालों के लिए अलग से बाजार बनाने, घरों के सीवर को खुले में न बहाने, नजूल भूमि को फ्रीहोल्ड कराने, सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं का कहना था कि लोहाघाट नगर को प्रकृति ने खूब सजाया संवारा है। इसकी सुंदरता को और आकर्षक बनाने के लिए लोगों को मिलकर आगे आना चाहिए। बैठक में सिटी मेनेजर महेश चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव राय, कोषाध्यक्ष सतीश मुरारी, ऋषेश्वर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पीएस मेहता, रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन मेहता, एडवोकेट नवीन मुरारी, सतीश पांडेय, धर्माद पांडेय, मोहित पाठक, विवेक ओली, राजू गड़कोटी, जगदीश साह आदि मौजूद थे।