डीआईजी पीएस सैलाल और एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर नेपाल बार्डर में माओवादी गतिविधियों का पता लगाने और सुरक्षा का जायजा लेेने को सुरक्षा तंत्र की ज्वाइंट टीम ने सघन कांबिंग की।
शुक्रवार को एसओटीएफ इंचार्ज भास्कर बडोला के नेतृत्व में की गई कांबिंग में पुलिस, एसओटीएफ, एसएसबी, वन और खुफिया विभाग के अधिकारियों और जवानों ने उचौलीगोठ, बूम, चिड़ियापुल, गैंड़ाखाली और 28 हेक्टअर खनन क्षेत्र से लगी सीमा में कांबिंग कर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई।
उन्होंने सीमांत गांवों के लोगों से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का पता लगने पर फौरन सूचित करने को कहा। एसओटीएफ इंचार्ज ने बताया कि बार्डर में फिलहाल किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। कांबिंग दल में एसएसबी के एएसआई श्याम लाल के नेतृत्व में डेढ़ सेक्शन जवान, बूम पुलिस चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक दामोदर भट्ट, कांस्टेबल कृपाल सिंह, वन दरोगा गिरीश चंद्र, वन रक्षक भरत सिंह नेगी, एलआईयू प्रभारी मो. आसिफ, कांस्टेबल विकेंद्र राणा आदि शामिल थे।