विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम में पुलिस, पीएसी और एसएसबी के सशस्त्र जवान 24 घंटे सुरक्षा ड्यूटी में डटे हुए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रयाग सिंह कफलिया और एसएसबी के कंपनी कमांडर आशीष सेन गुप्ता ने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
स्ट्रांग रूम में पुलिस के दो हेड कांस्टेबल, आठ कांस्टेबल और दो सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर एक फायर टेंडर, एक स्टेटिक सेट नियंत्रण कक्ष, एक प्लाटून पीएसी की 46वीं वाहिनी तथा दो प्लाटून एसएसबी के जवान तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा सीसीटीवी के माध्यम से भी स्ट्रांग रूम पर नजर रखी जा रही है। चुनाव आयोग की ओर से नियंत्रण कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। स्ट्रांग रूम की स्थिति के संबंध में प्रतिदिन चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.इकबाल अहमद ने बताया कि 11 मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मतगणना कर्मियों को जल्द ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन पंचायत सभागार में लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की और नगरपालिका के बारातघर में चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम की गणना होगी।