मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से समाधान पोर्टल में दर्ज शिकायतों का समाधान किया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधी वार्ता कर अधिकारियों के साथ जनशिकायतों का निस्तारण किया। साथ ही शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को जल्द समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेने और समय से शिकायतों का निस्तारण कर शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से इसकी सूचना देने को कहा। सीएम ने वृद्धावस्था, विकलांग पेंशन और गौरा देवी कन्याधन योजना के तहत अवमुक्त राशि को समय से लाभार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही राज्य के अंदर जमीन संबंधी मामलों में धोखेबाजों और जालसाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए लेखपाला, तहसीलदार और एसडीएम को रोस्टर बनाकर क्षेत्र भ्रमण करने, वर्षाकाल में बाधित सड़कों को शीघ्र खोलने, आवश्यक स्थलों में जेसीबी तैनात रखने, ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने को भी कहा।
डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने जिले के जयदीप गहतोड़ी की शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान एसपी डीएस कुंवर, एसडीएम सदर अशोक जोशी, एसडीएम लोहाघाट सीएस डोभाल, एआरटीओ रश्मि भट्ट, जल संस्थान के ईई पीसी करगेती, आपदा प्रंबधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि थे।