सफाई अभियान के तहत नालियों की तलीझाड़ सफाई करते पर्यावरण मित्र।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका ने शहर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए मंगलवार से सफाई अभियान शुरू किया है। पालिका और ठेकेदार के 40 पर्यावरण मित्र एक साथ अभियान में जुटे हैं। चौक पड़ी नालियों की तली झाड़ सफाई, कूड़े का निस्तारण और गलियों में किटनाशक दवाओं का छिड़काव भी शुरू किया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा के निर्देश पर अभियान की शुरू हुई है। मंगलवार को सफाई व्यवस्था की ठेकेदार कंपनी केपीए ग्रुप और पालिका के पर्यावरण मित्रों ने केपीए ग्रुप के साइड इंचार्ज अनुराग द्विवेदी की निगरानी में खन्ना चौराह, तुलसीराम चौराह, जगन्नाथ चौराह और इनके आसपास की गलियों में नालियों की तलीझाड़ सफाई कर बंद पड़ी नालियों को खोला और किटनाशक दवाओं का छिड़काव किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने को शुरू हुआ यह अभियान समूचे शहर में चलेगा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। पहले से व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने लोगों से कूड़ा नालियों में और खुले में न डालने की अपील करते हुए सहयोग मांगा है।
सड़क पर कूड़ा फेंका तो मिलेगा नोटिस, भरना होगा जुर्माना
सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों को अब नगर पालिका नोटिस भेजकर जुर्माना वसूलेगी। पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा ने बताया कि खुले में कूड़ा फेंककर शहर की सफाई व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति सड़क पर कूड़ा फेंकते पाया गया उसे न सिर्फ पालिका नोटिस थमाएगी, बल्कि जुर्माना भी वसूला जाएगा। इसके अलावा सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका लोगों से यूजर चार्ज भी वसूलेगी, जिसका प्रस्ताव बोर्ड में पास हो चुका है।
वार्ड एक की गली में नहीं होती कभी सफाई
शहर के वार्ड संख्या एक में पुरानी पानी की टंकी से शर्मा रेडियोज शॉप तक की गली में कभी सफाई नहीं होती। जिसके चलते लोगों ने इस गली से आवाजाही ही बंद कर रखी है। लोग सालों से घरों के पीछे से निकल कर इस गली से आवाजाही नहीं करते हैं। लेकिन पालिका द्वारा शुरू किए गए वृहद सफाई अभियान के तहत सालों से गंदगी से पटी इस गली में सफाई अभियान चलाकर साफ और स्वच्छ बनाया जाएगा।