नगर से लगे देवीधार की पहाड़ी पर होने वाले देवी महोत्सव को लेकर मेले से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। रायनगर चौड़ी गांव में मेले के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों ने बैठक की। इस दौरान गांव के युवाओं ने गांव को जोड़ने वाले डिग्री कॉलेज से नगर के प्रसिद्ध ऋषेश्वर मंदिर तक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया।
गांव के देवालय में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आनंद राय की अध्यक्षता और बीडीसी सदस्य भैरव राय के संचालन में हुई बैठक में पूर्व प्रधान रमेश चंद्र राय, जनार्दन राय, गंगा दत्त राय, चेतराम राय, भैरव राय, प्रकाश राय ने कई सुझाव दिए। ग्रामीणों ने देवी महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न खेलकूद, शैक्षिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने मेले को परंपरागत रूप से मनाने, मेले की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, महोत्सव के शुभारंभ में निकलने वाली झांकी में अधिकाधिक लोग शामिल होने का निर्णय लिया। इससे पहले जनार्दन राय के नेतृत्व में युवाओं ने डिग्री कॉलेज से गांव के देवालय तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान जितेंद्र राय, नवल राय, जगदीश राय, नीरज, अर्जुन, छोटू, सागर, तरुण, हर्षित आदि मौजूद थे।