नेपाल सीमा से जुड़े मडलक में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा कक्षों के अभाव के कारण छात्र छात्राओं को बाहर पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां छह से 12 तक की कक्षाओं को संचालित करने के लिए कुल नौ कक्षा कक्ष हैं। जिसमें दो कक्ष जूनियर हाईस्कूल के समय बनाए गए हैं। जो अब पूरी तरह जीर्ण हो गए हैं तथा थोड़ी सी बरसात होने पर टपकने लगते हैं।
इन्हीं कमरो में स्टाफ रूम, लैब, पुस्तकालय, वाचनालय बनाया गया है। प्रधानाचार्य एसएस कंबोज के अनुसार वर्ष 2006 से यहां इंटर कक्षाएं शुरू होने के बाद जूनियर हाईस्कूल का विलीनीकरण हो गया था। वर्तमान में विद्यालय की छात्र संख्या 458 है। कक्षा कक्षों के न होने से छात्र छात्राओं की पढ़ाई पर काफी असर पड़ रहा है। विद्यालय के लिए छह कमरों की आवश्यकता है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह खाती के अनुसार यह नेपाल सीमा में मडलक क्षेत्र का एकमात्र राजकीय इंटर कॉलेज है। जिसमें सह शिक्षा संचालित की जाती है। उन्होंने डीईओ के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर यहां इंटर स्तर के भवनों का शीघ्र निर्माण करने की मांग की है। साथ ही विद्यालय को सड़क से जोड़ने की भी आवश्यकता बताई है।